हजकां कंगाल, कांग्रेस मालामाल

( डॉ सुखपाल)-

कांग्रेस की हर तरह की कोशिश के बावजूद उसमें विलय के लिए तैयार न होने वाली हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) के लिए एक बड़ा झटका। पार्टी के 6 में से 4 विधायकों ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस में विलय कर लिया है। चारों विधायकों के कांग्रेस से जुड़ जाने के बाद 89 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की सदस्य संख्या बढ़कर 44 हो गई है। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह चट्ठा ने आज सोमवार को हरियाणा जनहित कांग्रेस के चार विधायकों के कांग्रेस में विलय को मंजूरी दे दी। कुलदीप बिश्नोई के नेतृत्व वाली हजकां के चारों विधायक नरेंद्र सिंह (नारनौल), सतपाल सांगवान (दादरी), विनोद भ्याणा (हांसी) और जिले राम (असंध) सोमवार दोपहर विमान पर दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचे और विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर वापस विमान से ही दिल्ली लौट गए। हजकां विधायकों के विलय के बाद हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फूलचंद मुलाना ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस में शामिल हुए सभी चारों हजकां विधायक पहले भी कांग्रेस परिवार का हिस्सा रहे हैं और उन्होंने दोबारा कांगे्रस की नीतियों में अपनी आस्था जताई है जिसके लिए उन्हें बिनाशर्त पार्टी की सदस्यता दी गई है। इस अवसर पर उपस्थित हरियाणा विधानसभा के संसदीय मामलों के मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि सभी ने बिनाशर्त कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की इच्छा जताई थी जिसे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया है।

Leave a comment